लोकनृत्य, गीत-संगीत और नाटक से जीवंत हुई झारखंड की संस्कृति, 13 प्रखंडों के कलाकारों ने बिखेरा जलवा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर रविवार को नगर भवन, गिरिडीह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता की शानदार झलक देखने को मिली। जिले के सभी 13 प्रखंडों से आए कलाकारों ने लोकनृत्य, लोकगीत, देशभक्ति गीत, नाटक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव, महापौर प्रमिला मेहरा, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, उप महापौर, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी एवं नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, आदिवासी नृत्य और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को मंच पर जीवंत कर दिया। नगर भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि झारखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा संघर्ष, उपलब्धियों और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत की यात्रा है। राज्य की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी 13 प्रखंडों के प्रतिभागियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि जिले की सांस्कृतिक जड़ें काफी मजबूत हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से लोककला और परंपराओं को आगे बढ़ाया जा सकता है। जिला प्रशासन स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और आपसी भाईचारे से है। ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने मारी बाजी
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
गीत-संगीत एकल प्रतियोगिता में फिरोज सोरेन ने प्रथम, शिवांगी नयन ने द्वितीय और रूखसार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में पीरटांड़ की रेखा मरांडी प्रथम तथा बगोदर की बीबी कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं।
नुक्कड़ नाटक में पचंबा गर्ल्स हाई स्कूल ने प्रथम और कस्तूरबा डुमरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सामूहिक नाटक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय डुमरी प्रथम, कस्तूरबा बगोदर द्वितीय तथा कस्तूरबा गिरिडीह तृतीय स्थान पर रहा।
कविता गायन प्रतियोगिता में श्रुति कुमारी प्रथम, कविता कुमारी द्वितीय और मुकेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे। सामूहिक गीत-संगीत प्रतियोगिता में गिरिडीह कॉलेज ने प्रथम, कस्तूरबा विद्यालय बेंगाबाद ने द्वितीय तथा कस्तूरबा विद्यालय डुमरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, स्टॉल प्रदर्शनी में पीरटांड़ प्रखंड ने प्रथम, जिला ग्रामीण विकास शाखा गिरिडीह ने द्वितीय तथा जमुआ प्रखंड ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम ने एक ओर जहां स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, वहीं दूसरी ओर झारखंड की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजने का संदेश भी दिया।