बीआईटी सिंदरी के पूर्ववर्ती छात्रों का भव्य गोल्डन जुबली समारोह, देश-विदेश से जुटे एलुमनी

बीआईटी सिंदरी के पूर्ववर्ती छात्रों का भव्य गोल्डन जुबली समारोह, देश-विदेश से जुटे एलुमनी

पुरानी यादों, अनुभवों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, भावुक हुए पूर्ववर्ती छात्र

डीजे न्यूज, धनबाद: बीआईटी सिंदरी के पूर्ववर्ती छात्रों के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कोयला नगर स्थित कम्युनिटी हॉल में भव्य गोल्डन जुबली समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पूर्ववर्ती छात्रों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर सभी पुराने दिनों की यादों में खो गए और अपनी जीवन यात्रा के अनुभव साझा किए।
समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। लक्ष्मी कुमारी एवं उनकी टीम ने मनमोहक गायन और नृत्य की प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। वहीं, पूर्ववर्ती छात्रों ने अपने छात्र जीवन से लेकर पेशेवर जीवन तक के सफर से जुड़े प्रेरणादायक और भावुक संस्मरण साझा किए। इन अनुभवों ने समारोह को यादगार बना दिया और पूरा सभागार पुरानी यादों तथा आत्मीयता से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन केके सिंह और प्रियंका वर्णवाल ने किया। समारोह को सफल बनाने में आयोजक मंडली के केके सिंह, अनिल सिन्हा, बृजेश कुमार, अरविंद कुमार, भीम सिंह एवं श्रीकांत वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह ने पूर्ववर्ती छात्रों के बीच पुराने रिश्तों को फिर से जीवंत करने के साथ आपसी जुड़ाव और संस्थान के प्रति गौरव की भावना को भी मजबूत किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top