बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने वृद्धाश्रम पहुंचे बीसीसीएल के डायरेक्टर राजेश कुमार
वृद्धजनों के बीच गर्म शॉल बांटे, अपने हाथों से भोजन परोसकर जताया स्नेह और अपनापन
डीजे न्यूज, धनबाद: बीसीसीएल के डायरेक्टर पर्सनल (मानव संसाधन) एवं डायरेक्टर फाइनेंस राजेश कुमार शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी नीता कुमार के साथ लालमणि ओल्ड एज होम पहुंचे। यहां उन्होंने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनका आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर लालमणि वृद्धा सेवा आश्रम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी एवं कोषाध्यक्ष ओमकार मिश्रा ने राजेश कुमार और उनकी पत्नी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं, आश्रम के वृद्धजनों ने आरती उतारकर और तिलक लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
राजेश कुमार एवं उनकी पत्नी ने बुजुर्गों के बीच गर्म शॉल का वितरण किया। साथ ही उनके लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की और स्वयं अपने हाथों से बड़े प्रेम एवं स्नेह के साथ भोजन परोसा। उनके इस आत्मीय व्यवहार से आश्रम के बुजुर्ग भावुक और प्रसन्न नजर आए।
इस मौके पर राजेश कुमार ने कहा कि वे समय-समय पर आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का हालचाल लेते हैं। वे उन्हें अपने माता-पिता के समान मानते हैं और उनकी सेवा एवं सम्मान को अपना दायित्व समझते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे न केवल अपने वृद्ध माता-पिता, बल्कि वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों से भी मिलने जाएं और उनके साथ कुछ समय जरूर बिताएं।
उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम पड़ाव में बुजुर्गों को सबसे अधिक प्यार, सम्मान और अपनेपन की जरूरत होती है। समाज के लोगों का थोड़ा-सा स्नेह और सहयोग भी उनके जीवन में खुशियां ला सकता है और उनका मनोबल बढ़ा सकता है।