जीटीएस डेको आउटसोर्सिंग कंपनी में जश्रसं का धरना प्रदर्शन 23 को, असंगठित मजदूरों ने विरोध करने का किया ऎलान
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): जश्रसं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र अंतर्गत जीटीएस डेको आउटसोर्सिंग कंपनी में 23 नवंबर से बेमियादी धरना प्रदर्शन की घोषणा की है। इस संभावित आंदोलन का विरोध करने का निर्णय कंपनी में कार्यरत असंगठित मजदूरों ने ली है। इसकी घोषणा शुक्रवार को मजदूरों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर की है।
आंदोलन के दौरान बंद समर्थक और मजदूरों के आमने-सामने आने से खूनी संघर्ष की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।
मजदूरों का कहना है कि कंपनी में अभी ब्लास्टिंग का काम बंद है। कंपनी ने यहां अपना काम बंद कर दिया था। प्रबंधन और मजदूरों के बीच वार्ता के बाद 15 दिन हाजिरी देने की बात पर सहमति बनी, इसके बाद यहां काम शुरू हो पाया है। प्रेस वार्ता में संजय भुइया,बबलू कुमार यादव, विजय पासवान, इंद्रदेव कुमार, भोला कुमार, कृष्ण प्रसाद गुप्ता, मुकेश यादव, नरेंद्र कुमार आदि शामिल थे।
इधर बंदी की घोषणा करने वाले संघ के केंद्रीय संगठन सचिव सह पूर्व पार्षद मासूम खान का कहना है कि जीटीएस डेको आउटसोर्सिंग कंपनी मजदूरों के हक के को मार रहे हैं। कंपनी द्वारा हाई पावर कमेटी द्वारा निर्धारित वेतन का भुगतान नहीं कर रही है। इसके साथ ही मनमाने ढंग से मजदूरों की छटाई की गई है। छाताबाद – कतरास मार्ग के कैलूडीह में ओवर लोड हाइवा मौत बनकर सरपट दौड़ रही है। जिससे यहां आए दिन दुर्घटनाएं घटती रहती है। नियमित जल छिड़काव नहीं होने से आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है और लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हैं।
जीटीएस डेको आउटसोर्सिंग कंपनी के महाप्रबंधक वाई के सिंह ने कहा कि सात आठ मशीन की जगह मात्र दो मशीनों से काम लिया जा रहा है। ब्लास्टिंग नहीं हो पा रहा है। इसके बावजूद भी मजदूरों को रोजगार से जोड़कर रखा गया है। छाताबाद के अधिकांश लोगों को यहां रोजगार मिल रहा है। वर्तमान समय में धरना प्रदर्शन करना ठीक नहीं है। मजदूर हित में सोचना चाहिए।
कतरास थानेदार प्रवीण कुमार ने बताया कि विधि व्यवस्था भंग करने वालों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। 23 तारीख की स्थिति को देखते हुए बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।