सिजुआ में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, राज्य सरकार की स्वरोजगार योजनाओं पर डाला प्रकाश
डीजे न्यूज, धनबाद: सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय, भारत सरकार के अधीनस्थ शाखा एमएसएमई विकास कार्यालय, धनबाद एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को सामुदायिक भवन सिजुआ में एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं और नागरिकों को स्वरोजगार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां एवं सरकारी योजनाओं की रूपरेखा प्रदान कर उन्हें उद्यम स्थापना के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सह जिला उद्योग केंद्र, धनबाद के महाप्रबंधक संजीत कुमार सिन्हा ने राज्य सरकार की स्वरोजगार योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। वहीं, विशिष्ट अतिथि सह अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार ने बैंकों के माध्यम से उद्यमियों को मिलने वाली वित्तीय सहायता और ऋण सुविधाओं की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर टाटा स्टील, झरिया डिवीजन की हेड एडमिनिस्ट्रेशन श्वेता मिश्रा एवं टाटा स्टील फाउंडेशन, सिजुआ के यूनिट लीड राजेश कुमार ने भावी उद्यमियों का मार्गदर्शन करते हुए नए उद्यम लगाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने टाटा स्टील की ओर से उद्यमियों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान शाखा एमएसएमई विकास कार्यालय, धनबाद के सहायक निदेशक सुजीत कुमार ने एमएसएमई मंत्रालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में सिजुआ और आसपास के क्षेत्रों के 100 से अधिक महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने उद्यम स्थापना, बैंकिंग, ऋण सुविधाओं और सरकारी योजनाओं पर विशेषज्ञों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन का लाभ उठाया।
कार्यक्रम की शुरुआत में टाटा स्टील फाउंडेशन, सिजुआ के बिपिन चौधरी ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि अंत में शाखा एमएसएमई विकास कार्यालय, धनबाद के राकेश कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।