विद्यार्थियों ने रैली निकालकर दिया तंबाकू मुक्त झारखंड का संदेश

विद्यार्थियों ने रैली निकालकर दिया तंबाकू मुक्त झारखंड का संदेश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को गिरिडीह में तंबाकू मुक्त झारखंड के संकल्प के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। प्लस टू उच्च विद्यालय, गिरिडीह से निकली इस रैली का नेतृत्व उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने किया। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने जागरूकता नारों और संदेशों के माध्यम से आम लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों से अवगत कराया।

रैली के माध्यम से लोगों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाने, नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर भी पड़ता है। तंबाकू सेवन की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं तंबाकू एवं नशीले पदार्थों से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उपायुक्त ने कहा कि युवा पीढ़ी देश और राज्य का भविष्य है। ऐसे में स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राज्य के विकास, स्वस्थ समाज के निर्माण और सकारात्मक बदलाव के संकल्प को दोहराने का भी दिन है। उन्होंने जिलेवासियों से तंबाकू मुक्त झारखंड के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

मौके पर जिला नजारत उप समाहर्ता, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top