पीरटांड़ में 150 करोड़ से बनेगा भव्य चिड़ियाघर, बाघ से लेकर डॉल्फिन तक होंगे आकर्षण

पीरटांड़ में 150 करोड़ से बनेगा भव्य चिड़ियाघर, बाघ से लेकर डॉल्फिन तक होंगे आकर्षण

68.21 हेक्टेयर भूमि पर छह मौजों में होगी स्थापना, पारसनाथ आने वाले पर्यटकों को मिलेगा नया ठिकाना; स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। पीरटांड़ प्रखंड में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से भव्य चिड़ियाघर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए 68.21 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है और सक्षम स्तर से सैद्धांतिक स्वीकृति भी मिल चुकी है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित चिड़ियाघर पीरटांड़ थाना क्षेत्र के दुधनियां, कबरीयाबेड़ा, कुंहरलालो, मदनपुरा, कटवारा एवं करुणपुरा मौजा में स्थापित किया जाएगा। खास बात यह है कि परियोजना के लिए किसी नए भू-अर्जन अथवा अतिक्रमण की आवश्यकता नहीं होगी। झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से इस संबंध में 28 जुलाई 2026 को अधिसूचना भी जारी की जा चुकी है।

**बाघ, भालू, हाथी और डॉल्फिन होंगे आकर्षण**

प्रस्तावित चिड़ियाघर में देश-विदेश के कई आकर्षक वन्यजीवों और पक्षियों को रखा जाएगा। इनमें रॉयल बंगाल टाइगर, हाथी, हिमालयी काला भालू, स्लॉथ भालू, तेंदुआ बिल्ली, जंगल बिल्ली, सियार, लोमड़ी, लकड़बग्घा, चीतल, सांभर, नीलगाय, काला हिरण, भारतीय गौर, दरियाई घोड़ा और गंगा डॉल्फिन प्रमुख हैं। वहीं, पक्षियों में एमू, शुतुरमुर्ग, मोर और तीतर की विभिन्न प्रजातियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी।

**पारसनाथ और मधुबन पर्यटन को मिलेगा नया आयाम**

चिड़ियाघर की भौगोलिक स्थिति इसे पर्यटन के लिहाज से खास बनाती है। प्रस्तावित स्थल गिरिडीह-डुमरी एनएच-114ए के किनारे स्थित है। यह गिरिडीह शहर से करीब 15 किलोमीटर और पारसनाथ तीर्थस्थल से लगभग 16 किलोमीटर दूर है। पारसनाथ रेलवे स्टेशन से इसकी दूरी करीब 40 किलोमीटर तथा गिरिडीह रेलवे स्टेशन से 16 किलोमीटर है। देवघर एयरपोर्ट करीब 85 किलोमीटर और रांची एयरपोर्ट लगभग 175 किलोमीटर दूर है।

इसके आसपास बायोडायवर्सिटी पार्क, कुंहरलालो और रिजुविलिका जैन मंदिर जैसे स्थल भी मौजूद हैं। ऐसे में चिड़ियाघर के विकसित होने से पारसनाथ और मधुबन आने वाले पर्यटकों को एक नया आकर्षण मिलेगा। इससे जिले में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद है।

**ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती**

परियोजना का लाभ केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा। चिड़ियाघर के निर्माण और संचालन से आसपास के ग्रामीण इलाकों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, खानपान, स्थानीय उत्पादों की बिक्री और छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। दुधनियां, मदनपुरा, कटवारा, करुणपुरा, कुंहरलालो, पालगंज, बेरदोंगा, जीतकुंडी, बरमसिया, मांझीडीह, पीरटांड़ सहित आसपास के गांवों को इसका प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई है।

**वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यावरण शिक्षा पर भी जोर**

अधिकारियों के अनुसार, चिड़ियाघर का उद्देश्य केवल पर्यटकों को आकर्षित करना नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। यहां विद्यार्थियों और युवाओं को विभिन्न वन्यजीवों के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण की जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा।

उपायुक्त रामनिवास यादव और पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने बताया कि यह परियोजना गिरिडीह के पर्यटन विकास, स्थानीय रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। चिड़ियाघर के अस्तित्व में आने से पीरटांड़ को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top