खाना परोसने में हुई देरी तो होटल कर्मी की चाकू मारकर हत्या, रांची में तिसरी के युवक की मौत

खाना परोसने में हुई देरी तो होटल कर्मी की चाकू मारकर हत्या, रांची में तिसरी के युवक की मौत

डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : गिरिडीह में मामूली विवाद ने एक प्रवासी मजदूर की जान ले ली। होटल में खाना परोसने में हुई देरी से नाराज एक युवक ने होटल कर्मचारी अजय दास (35) पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना मंगलवार देर रात रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

मृतक अजय दास गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रानाडीह गांव निवासी विजय दास का पुत्र था। वह पिछले एक साल से रांची के धुर्वा स्थित टेस्टी अंदाज होटल में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। मंगलवार रात भी वह होटल में काम कर रहा था। इसी दौरान खाना देने में देर होने को लेकर एक ग्राहक के साथ उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकालकर अजय की गर्दन पर वार कर दिया।

चाकू के हमले से अजय गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद होटल मालिक उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही अजय के परिजन और गांव के अन्य लोग रांची पहुंच गए हैं।

बताया गया कि रांची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन करने के साथ आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।

**परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़**

अजय की मौत की खबर मिलते ही रानाडीह गांव में मातम पसर गया। पत्नी, मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर गए अजय की इस तरह हत्या से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मामूली विवाद में हुई इस वारदात ने एक परिवार का सहारा छीन लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top