एक माह में राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी करें पूरा : रामनिवास यादव

एक माह में राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी करें पूरा : रामनिवास यादव
डीसी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
पीडीएस दुकानों और गोदामों का नियमित निरीक्षण होगा अनिवार्य, खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें खाद्यान्न वितरण, राशन कार्डधारियों के ई-केवाईसी, पीडीएस दुकानों के संचालन और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय योजनाओं की अद्यतन स्थिति से उपायुक्त को अवगत कराया। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीडीएस दुकानों का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने खाद्यान्न के भंडारण और वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए गोदामों का भी नियमित निरीक्षण करने तथा निर्धारित समय पर निरीक्षण प्रतिवेदन जमा करने को कहा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जन वितरण प्रणाली के तहत प्रत्येक पात्र लाभुक को निर्धारित मात्रा में और तय समय पर खाद्यान्न मिलना चाहिए। वितरण में किसी तरह की अनियमितता, लापरवाही या शिकायत सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
ई-केवाईसी में तेजी लाने का निर्देश
राशन कार्डधारियों के ई-केवाईसी कार्य की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने आगामी एक माह के भीतर शेष पात्र लाभुकों का ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया। इसके लिए प्रखंड और पंचायत स्तर पर समन्वय स्थापित कर लाभुकों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही राशन कार्ड से जुड़ी लंबित और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों में नियमानुसार शीघ्र सुधार करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी समेत जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top