ईसीआरकेयू ने विद्युत सामान्य में ट्रेन लाईटिंग के मर्जर पर असहमति जताई, महाप्रबंधक हाजीपुर को लिखा पत्र

ईसीआरकेयू ने विद्युत सामान्य में ट्रेन लाईटिंग के मर्जर पर असहमति जताई, महाप्रबंधक हाजीपुर को लिखा पत्र

डीजे न्यूज, धनबाद: ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन ने धनबाद मंडल में ट्रेन लाईटिंग कर्मचारियों को विद्युत सामान्य में प्रस्तावित मर्जर की प्रक्रिया पर अपनी असहमति जताई है। कहा है कि इन विभागों में कार्यरत कर्मचारियों ने इस प्रक्रिया के लागू होने पर उत्पन्न होने वाले विभिन्न चिंताओं से पिछले दिनों एआईआरएफ के जोनल सेक्रेटरी ओ पी शर्मा को अवगत कराया था और इसके समाधान हेतु उचित कदम उठाए जाने का अनुरोध किया था। इस पर शर्मा ने ईसीआरकेयू महामंत्री से बात कर उच्च स्तर पर रेलकर्मियों की समस्याओं को रखने और समाधान कराने का आग्रह किया था। इसके तहत महामंत्री श्रीवास्तव ने महाप्रबंधक कार्मिक हाजीपुर को पत्र लिखा है तथा उसकी प्रतिलिपि मंडल रेल प्रबंधक धनबाद को भी प्रेषित कर उक्त प्रक्रिया को लंबित करने का अनुरोध किया है।
उक्त जानकारी देते हुए ईसीआरकेयू धनबाद मंडल के मीडिया प्रभारी एन के खवास ने दी है। उन्होंने कहा कि प्रारंभ में प्रशासन द्वारा केवल टेक्निशियन लेवल 2 से लेवल 6  तक के विलय का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। लेकिन  04.11.2026 को जारी संशोधित पत्र में  सहायक हेल्पर लेवल वन  को भी इस प्रस्तावित विलय में शामिल कर लिया गया है। इस प्रकार अब यह प्रस्ताव केवल टेक्निशियन कैडर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दोनों विभागों के टेक्निशियन और सहायक कर्मचारियों की संपूर्ण कार्यप्रणाली, तकनीकी पहचान, सेवा संरचना एवं भविष्य के कैरियर को प्रभावित करने वाला विषय बन गया है। दोनों विभागों के कर्मचारियों के कार्य प्रणाली, तकनीकी विशेषज्ञता, प्रशिक्षण तथा वास्तविक कार्य परिस्थितियों में काफी अंतर है। ऐसी स्थिति में दोनों कैडर के विलय के बाद कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, कार्य आवंटन, ड्यूटी की प्रकृति एवं सेवा संबंधी मामलों का निर्धारण किस आधार पर किया जाएगा, यह स्पष्ट नहीं है। विशेष रूप से यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है कि अलग-अलग मेडिकल कैटेगरी वाले कर्मचारियों को एकीकृत कैडर में शामिल करने के बाद उनकी मौजूदा मेडिकल फिटनेस एवं कार्य संबंधी पात्रता का संरक्षण किस प्रकार किया जाएगा।
दूसरी तरफ रेलवे बोर्ड के स्पष्ट दिशा-निर्देश एवं नियमों का अभाव
एवं अन्य लागू प्रावधानों की स्पष्टता के बगैर विलय करना बिल्कुल न्यायसंगत नहीं है।
यह बताया गया कि अन्य रेलवे जोन और मंडलों में ऐसी व्यवस्था का अभाव है। यहां तक कि पूर्व मध्य रेलवे के ही अन्य मंडलों में भी ऐसी व्यवस्था लागू नहीं है। ऐसी स्थिति में केवल धनबाद मंडल में इस प्रकार का विलय प्रस्तावित करना बिल्कुल न्यायसंगत नहीं है। दोनों विभागों के कर्मचारियों की नियुक्ति, प्रशिक्षण एवं कार्य संबंधी आवश्यकताएं अलग-अलग होती हैं।
ट्रेन लाईटिंग कर्मचारियों की जिम्मेदारी यात्री कोचों का नियमित एवं निवारक अनुरक्षण करना है तथा ट्रेन इस्कार्टिंग के दौरान चलती ट्रेन में उत्पन्न होने वाली बिजली एवं वातानुकूलन संबंधी खराबियों का तत्काल निवारण करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यदि विद्युत सामान्य एवं ट्रेन लाईटिंग के टेक्निशियन तथा सहायक कर्मचारियों को बिना आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण एवं अनुभव के एक-दूसरे के कार्यों में लगाया जाता है, तो कोच अनुरक्षण की गुणवत्ता, कार्यक्षमता एवं विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। इसका प्रत्यक्ष प्रभाव यात्री सुविधाओं, ट्रेन की उपलब्धता एवं रेलवे की सुरक्षित परिचालन व्यवस्था पर पड़ेगा।

ईसीआरकेयू महामंत्री ने यह मांग रखी है कि संबंधित विभागों के कर्मचारियों की उपर्युक्त आशंकाओं पर बिना कोई स्पष्टीकरण दिए और बिना उनकी सहमति के इस मर्जर को लागू करने की प्रक्रिया शुरू करने से भारी असंतोष व्याप्त हो गया है। उन्होंने इस मर्जर प्रक्रिया को कर्मचारी हित में लंबित रखने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top