संक्षिप्त खबरें:-
पीड़ित ने तीन लोगों पर जताया संदेह, पूछताछ की मांग
बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के प्रधानखंटा के सुड़ीकुल्ही में रविवार की रात बंद घर में हुई चोरी के मामले में भुक्तभोगी किशन कुमार गुप्ता ने मोहल्ले के ही तीन लोगों पर संदेह व्यक्त किया है। इस बाबत भुक्तभोगी ने मंगलवार को बलियापुर थाना में लिखित शिकायत दी है। भुक्तभोगी ने संदेही लोगों से घटना को लेकर पूछताछ करने की मांग पुलिस से किया है। मालूम हो कि भुक्तभोगी व उनके परिजन छठ पूजा करने रिश्तेदार के घर गए थे। इसका फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़कर नगदी समेत लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था।
————————————————-
मुकुंदा बिजली कार्यालय में 18 से 26 तक शिविर
बलियापुर: विद्युत विभाग की ओर से मुकुंदा कार्यालय प्रांगण में 18 नवंबर से 26 नवंबर तक कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए विभाग के सहायक अभियंता सुजीत कुमार ने बताया कि कैंप में उपभोक्ताओं के बिल सुधार, मीटर, बिल में मोबाइल नंबर जोड़ना, परिवर्तन कराना, लो वोल्टेज आदि समस्याओं का निवारण किया जाएगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से कैंप का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।
———————————————–
कार व बाइक सवार युवकों के बीच मारपीट, मची अफरातफरी
बलियापुर: बलियापुर बाजार चौक पर मंगलवार की शाम मारपीट की घटना से कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची बलियापुर पुलिस ने मामले को शांत करने के लिए मनबढ़ू युवकों पर लाठियां भी भांजी। पुलिस ने आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लेकर थाना ले आई है। बताया जाता है कि एक होटल में खाने पीने के दौरान युवकों के बीच बहस हो गई। इसमें एक कार में चार-पांच युवक सवार तथा दो युवक बाइक पर सवार थे। होटल से निकल कर जाने के क्रम में बलियापुर बाजार चौक पर गाड़ी रोककर कार सवार एवं बाइक सवार युवकों में मारपीट हो गई। जिससे कुछ देर के लिए बाजार में अफरातफरी मच गई। युवकों में कोई अलगडीहा तो कोई कतरास और बाघमारा के बताए जाते हैं। पुलिस सभी युवकों से पूछताछ कर रही है।
———————————————–
समाजसेवी राकेश की पुण्यतिथि 19 को
बलियापुर: बीबीएम इंटर कॉलेज विकास समिति की बैठक मंगलवार को पूर्व विधायक आनंद महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बलियापुर के दिवंगत समाजसेवी राकेश ग्रोवर की पुण्यतिथि पर 19 नवंबर को कॉलेज प्रांगण में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में समिति के सचिव व मुखिया गणेश महतो, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, प्राचार्य डॉ राकेश कुमार महतो, प्रो वरुण कुमार सरकार, आशीष चटर्जी, सपन कुमार महतो आदि थे।
———————————————–
बच्चे को टीका लगाने पहुंची महिला के साथ एएनएम का विवाद, थाना पहुंचा मामला
बलियापुर: परसबनिया पंचायत भवन के समीप स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में एक बच्चे की टीकाकरण कराने पहुंची महिला के परिजनों और एएनएम अंजना महतो एवं सेविका के साथ विवाद उत्पन्न हो गया। यह मामला मंगलवार देर शाम बलियापुर थाना पहुंचा। इस संबंध में बलियापुर के सीएचसी प्रभारी डॉक्टर शुभम चौधरी ने बताया कि टीकाकरण के लिए परसबनिया आंगनबाड़ी केंद्र एएनएम अंजना महतो पहुंची थी। समय समाप्त होने के बाद गांव की एक महिला बच्चे को लेकर टीकाकरण के लिए केंद्र में पहुंची। कर्मियों ने बच्चे को टीका भी लगा दिया। इस दौरान एएनएम द्वारा समय पर केंद्र पहुंचने की बातें कहने पर महिला नाराज हो गई और अपने परिजनों से इसकी शिकायत कर दी। इसके बाद उक्त महिला के परिजन आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे और एएनएम एवं सेविका के साथ उलझ गए। एएनएम एवं आंगनबाड़ी सेविका के साथ विवाद बढ़ने पर मुखिया राजाराम रजक एवं अन्य लोग भी केंद्र पहुंचे। स्थिति को देख एएनएम अंजना महतो ने इसकी शिकायत बलियापुर के सीएचसी प्रभारी डॉ शुभम चौधरी से किया। इसके बाद मामले की लिखित शिकायत थाना में की गई । पुलिस मामले की जांच में जुटी गई है।