जयंती पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, उनके संघर्ष और बलिदान को किया नमन
डीजे न्यूज, धनबाद: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव समेत अन्य पदाधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने अपने साहस, नेतृत्व और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष से देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। उनका जीवन और विचार आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा सामाजिक एकता और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
भगवान बिरसा मुंडा का योगदान केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संघर्ष पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की।
इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुशांत मुखर्जी, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, नजारत उप समाहर्ता दीपक दुबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।