मतदाता सूची में नाम जोड़ने का एक और मौका, 18 नवंबर को गिरिडीह के सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप

मतदाता सूची में नाम जोड़ने का एक और मौका, 18 नवंबर को गिरिडीह के सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के कार्यों में तेजी लाने और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया। वहीं, SIR कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सुनवाई से संबंधित सभी लंबित मामलों को अगले दो दिनों के भीतर निपटाने को कहा।

बैठक में No Mapping एवं Logical Discrepancies से जुड़े मामलों, ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन से पूर्व और बाद में प्राप्त दावा-आपत्ति प्रपत्रों के निष्पादन सहित अन्य निर्वाचन कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से संबंधित मामलों की गंभीरता से जांच कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पादन किया जाए। मतदाताओं से प्राप्त दावा-आपत्ति प्रपत्रों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति नहीं रहे।

बैठक में ASDD (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे नाम वाले मतदाता) सूची की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सूची में चिह्नित ऐसे पात्र मतदाता, जो संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं और जिनका अब तक प्रपत्र-6 नहीं भरा गया है, उन्हें चिह्नित कर मतदाता सूची में नाम शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप

पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और अवसर देने के लिए 18 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष ‘एक और अवसर कैंप’ आयोजित किया जाएगा। कैंप का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न चार बजे तक होगा। इसी दिन BLO-BLA-2 की छठी बैठक और निर्वाचन पाठशाला की छठी बैठक भी आयोजित की जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कैंप के माध्यम से कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे।

उन्होंने ASDD सूची का सभी संबंधित मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों, स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के कार्यालयों में पुनर्प्रकाशन कराने का निर्देश दिया। इससे आम नागरिकों और राजनीतिक दलों को सूची का अवलोकन करने तथा आवश्यक सुझाव एवं आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिल सकेगा। साथ ही पात्र मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज एवं घोषणा पत्र प्राप्त कर निर्धारित प्रपत्र भरवाने और ASDD सूची से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन गूगल शीट के माध्यम से समय पर उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top