डीसी-एसएसपी ने किया धनबाद-बलियापुर मुख्य सड़क के मरम्मती कार्य का औचक निरीक्षण

डीसी-एसएसपी ने किया धनबाद-बलियापुर मुख्य सड़क के मरम्मती कार्य का औचक निरीक्षण

गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं: डीसी

सुगम यातायात व्यवस्था हेतु एसएसपी ने दिए निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद से बलियापुर जाने वाली मुख्य सड़क (गोल बिल्डिंग / भुईंफोड़ से बलियापुर तक) की जर्जर स्थिति में सुधार और चल रहे मरम्मती कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को उपायुक्त आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने सड़क के विभिन्न हिस्सों में हो रहे निर्माण एवं मरम्मती कार्य की बारीकी से जांच की। इस दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने कार्यपालक अभियंता एवं संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिया कि मरम्मती कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने तय समय-सीमा के भीतर कार्य को पूर्ण करने का आदेश दिया, ताकि आम राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।

वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मरम्मती कार्य के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि रात के समय या व्यस्त घंटों में किसी भी प्रकार की सड़क दुर्घटना न हो।

निरीक्षण के क्रम में संबंधित विभागों के अभियंता, स्थानीय पुलिस पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top