टुंडी में सिस्टम ने ली नवजात की जान – CHC में नहीं था डॉक्टर, नर्स ने कराया प्रसव, एंबुलेंस खड़ी रही पर चाबी नहीं मिली, मौत के बाद शव लेकर सड़क पर बैठे परिजन, 4 घंटे से जाम

टुंडी में सिस्टम ने ली नवजात की जान – CHC में नहीं था डॉक्टर, नर्स ने कराया प्रसव, एंबुलेंस खड़ी रही पर चाबी नहीं मिली, मौत के बाद शव लेकर सड़क पर बैठे परिजन, 4 घंटे से जाम 

डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की लापरवाही और अव्यवस्था ने एक नवजात की जान ले ली। बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने मंझीलाडीह के पास टुंडी-गिरिडीह मुख्य सड़क को जाम कर दिया।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि टुंडी बाजार बरवा कुल्ही निवासी नरेश कुमार सिंह की गर्भवती पत्नी करीना कुमारी को गंभीर प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार की रात्रि करीब दो बजे दुबराजपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टुंडी पहुंचाया गया, लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई चिकित्सक उपस्थित नहीं थे। ऐसे में वहां उपस्थित नर्स द्वारा प्रसव करवाया गया। गुरुवार की सुबह करीब सात बजे बच्चे का जन्म हुआ।

जन्म के बाद से ही नवजात बच्चे की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक के नहीं रहने के कारण उसे रेफर भी नहीं किया जा सका। ऐसे में करीब 11 बजे एक दूसरे नर्स के द्वारा आनन-फानन में रेफर का कागज बनाया गया, लेकिन 108 एंबुलेंस के चालकों का हड़ताल होने के कारण एंबुलेंस भी नहीं मिला, जबकि 108 एंबुलेंस अस्पताल परिसर में ही खड़ी थी।

पीड़ित बच्चे का पिता जो खुद ममता वाहन का चालक है, उसने एंबुलेंस की चाबी मांगी भी, लेकिन उसे नहीं दिया गया। ऐसे में उसने खुद ममता वाहन में अपने पैसे से तेल भरवाकर सदर हॉस्पिटल धनबाद ले गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि बच्चे की मौत तो कब की हो चुकी है। बताया जाता है कि बच्चे की मौत टुंडी हॉस्पिटल में ही हो चुकी थी, लेकिन बचाव के लिए उसे आनन-फानन में नर्स के द्वारा ही बाद में रेफर का कागज दिया गया।

घटना के बाद प्रसूता महिला एवं मृत नवजात बच्चे के शव को लेकर परिजन वापस टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। बताया जाता है कि इस बीच भी किसी ने उसके साथ सहानुभूति तक प्रदर्शित नहीं किया। जिसके कारण बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने नवजात बच्चे के शव एवं प्रसूता महिला के साथ मंझीलाडीह के पास टुंडी-गिरिडीह मुख्य पथ पर गुरुवार की शाम करीब 5 बजे अन्य ग्रामीणों के साथ बैठ गए, जिसके कारण टुंडी-गिरिडीह मुख्य सड़क जाम हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सड़क जाम के करीब 4 घंटा गुजर जाने के बाद भी कोई सक्षम पदाधिकारी वार्ता करने के लिए नहीं पहुंचे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हालांकि टुंडी पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मनियाडीह थाने से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुलिस छावनी में तब्दील रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top