बुढ़वा तालाब छठ घाट की बदलेगी सूरत, साफ-सफाई और सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने संभाली कमान

बुढ़वा तालाब छठ घाट की बदलेगी सूरत, साफ-सफाई और सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने संभाली कमान

डीजे न्यूज,पचंबा, गिरिडीह : छठ महापर्व को लेकर बुढ़वा तालाब छठ घाट को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की कवायद शुरू हो गई है। महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में मुखिया प्रतिनिधि मेहताब मिर्जा उर्फ डब्लू के नेतृत्व में स्थानीय लोगों की टीम ने छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान घाट की साफ-सफाई, आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता और व्रतियों के आवागमन के रास्तों की स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही छठ पूजा के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर मेहताब मिर्जा ने कहा कि छठ महापर्व लोगों की गहरी आस्था से जुड़ा है। घाट की साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।

निरीक्षण में शामिल समाजसेवियों ने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही घाट को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाया जा सकता है। सभी ने छठ पूजा से पहले घाट की व्यवस्था दुरुस्त करने में अपना योगदान देने की बात कही।

मौके पर समाजसेवी राजकुमार दास, अभय कुमार दास, सुनील दास, आदिल मिर्जा, कुंदन कुमार दास, गौतम दास समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top