तालाब में गिरते जलस्तर को देखते हुए इस बार स्विमिंग पूल में सजेगा छठ का घाट, छठव्रती महिलाओं के लिए होगी विशेष व्यवस्था
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार तालाब में गंदगी और गिरते जलस्तर को देखते हुए स्विमिंग पूल में छठ पूजा का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं और छठव्रती महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि वे स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। खासकर शहरी क्षेत्र में रहने वाले उन परिवारों को इससे राहत मिलेगी, जिन्हें आसपास छठ घाट उपलब्ध नहीं हो पाता है।
स्विमिंग पुल प्रबंधन का कहना है कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसी को ध्यान में रखते हुए व्रतियों की सुविधा और धार्मिक भावनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी स्विमिंग पूल में छठ पूजा का आयोजन कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।