ओवरलोडिंग पर प्रशासन का शिकंजा, आठ भारी वाहन पकड़े गए, 1.90 लाख का जुर्माना
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में ओवरलोडेड भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष जांच अभियान में आठ भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें छह वाहनों को जब्त किया गया, जबकि दो वाहनों पर ऑनलाइन चालान जारी कर कुल 1.90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जांच अभियान के दौरान निमियाघाट थाना क्षेत्र से दो, मधुबन थाना क्षेत्र से तीन और बगोदर थाना क्षेत्र से एक भारी वाहन को जब्त किया गया। सभी छह जब्त वाहनों को संबंधित थानों में रखा गया है। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य दो वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन चालान निर्गत किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि ओवरलोडिंग के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहन सड़कों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार जांच अभियान चला रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग के मामलों में किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ वाहन जब्ती, ऑनलाइन चालान और जुर्माना सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन संचालकों से निर्धारित भार क्षमता और परिवहन नियमों का पालन करने की अपील की।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।