जिस घर से उठी थी अर्थी, उसी गांव में लौटेगी छह लोगों की अर्थी, दनुवा घाटी हादसे से बिहारो में कोहराम
बनारस में अंतिम संस्कार के लिए जा रहे ग्रामीणों की गाड़ी दनुवा घाटी में दुर्घटनाग्रस्त,छह लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल
पूर्व विधायक विनोद सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
डीजे न्यूज, बगोदर (गिरिडीह) : एक परिवार के सदस्य के अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहे ग्रामीणों को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। चौपारण के आगे दनुवा घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे ने बगोदर प्रखंड के बिहारो गांव के सलैयाटांड़ टोला को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, मुंडरो पंचायत के बिहारो गांव से एक व्यक्ति के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन और ग्रामीण सवारी गाड़ी से बनारस जा रहे थे। इसी दौरान दनुवा घाटी में उनकी गाड़ी भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में छह लोगों की जान चली गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह बरही स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने हादसे की विस्तृत जानकारी ली और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
इस हादसे ने पूरे बिहारो गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस गांव से लोग एक अंतिम विदाई देने निकले थे, वहां अब छह लोगों की मौत से मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।