150 वर्ष पुरानी तेलीपाड़ा काली मंदिर विधि-विधान से हुई मां श्यामा की पूजा, श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से की आराधना

150 वर्ष पुरानी तेलीपाड़ा काली मंदिर विधि-विधान से हुई मां श्यामा की पूजा, श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से की आराधना

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद कोयलांचल में रविवार देर रात मां काली की आराधना भक्तिमय माहौल में की गई। शहर के विभिन्न काली मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां काली की पूजा-अर्चना की। देर रात तक मंदिरों में भक्तों की आवाजाही लगी रही और पूरा वातावरण मां काली के जयकारों से गूंजता रहा।

धनबाद के तेलीपाड़ा स्थित ऐतिहासिक काली मंदिर में श्री श्री श्यामा पूजा समिति की ओर से भव्य तरीके से मां श्यामा की पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और मां काली के समक्ष माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान परंपरा के अनुसार देर रात बलि भी दी गई।

समिति के सचिव संतोष कुमार साव ने बताया कि तेलीपाड़ा स्थित इस मंदिर में पिछले लगभग 150 वर्षों से लगातार मां काली की पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। पीढ़ी दर पीढ़ी श्रद्धालु इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर से लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। प्रत्येक वर्ष श्यामा पूजा के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और मां का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

समिति के कोषाध्यक्ष ने मंदिर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तेलीपाड़ा का यह काली मंदिर काफी सिद्ध और आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां केवल धनबाद जिले से ही नहीं, बल्कि आसपास के विभिन्न जिलों से भी श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। भक्त पूरी श्रद्धा के साथ मां के दरबार में अपनी फरियाद रखते हैं और सुख-शांति एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा ने मंदिर को क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बना दिया है।

श्यामा पूजा के अवसर पर तेलीपाड़ा काली मंदिर में देर रात तक भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। मां काली की आराधना के साथ श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। करीब डेढ़ शताब्दी पुरानी यह परंपरा आज भी लोगों की आस्था को मजबूती से जोड़े हुए है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top