वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान का तीसरा चरण 12 से 30 नवंबर तक, गांव-गांव लगेगी चौपाल
डीजे न्यूज, धनबाद:
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तीसरे चरण (Phase-III) को लेकर सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पत्र संख्या 519, दिनांक 6 नवंबर 2026 के माध्यम से जारी निर्देश में 12 नवंबर से 30 नवंबर तक राज्य के सभी गांवों में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ चौपाल’ आयोजित करने का आह्वान किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने निर्देश में कहा है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची से हटाए गए नामों, अनियमितताओं और संभावित हेरफेर के मामलों की पहचान करना, नागरिकों के मताधिकार की रक्षा करना तथा आम जनता के बीच लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
निर्देश के अनुसार गांव-गांव में पारंपरिक चारपाई बैठक के स्वरूप में सरल एवं सहज तरीके से चौपाल आयोजित की जाएगी। इसमें मतदाता सूची से नाम हटाए गए नागरिकों, बुजुर्गों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश एवं जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को भी इन चौपालों में अनिवार्य रूप से शामिल होकर आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करना होगा।
चौपाल के माध्यम से मतदाता सूची से नाम विलोपन, मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर जनजागरण किया जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर नियमित रूप से साझा करने का भी निर्देश दिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला अध्यक्षों को अपने-अपने जिलों में कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने तथा कार्यक्रमों, प्रतिभागियों की संख्या और अन्य गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट तस्वीरों एवं वीडियो सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रखंड एवं मंडल स्तर तक संगठन के पदाधिकारियों, बीएलए और ‘वोटर रक्षक’ स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा है कि यह अभियान महज एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण जनअभियान है।
इस निर्देश के बाद धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी सहित राज्य की सभी जिला कांग्रेस कमेटियों के सामने गांव-गांव तक अभियान को पहुंचाने और संगठन को सक्रिय रूप से मैदान में उतारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। यह जानकारी धनबाद जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने दी है।