मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए एसएचजी की 17 महिलाओं को दिया प्रशिक्षण
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिला उद्यान कार्यालय द्वारा शुक्रवार को टुंडी प्रखंड के जामकोल एवं सनियाडीह पंचायतों में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की कुल 17 महिलाओं को मधुमक्खी पालन का तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान दिया गया।
जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन ने बताया कि प्रशिक्षण के उपरांत लाभुक महिलाओं के बीच 20 मधुमक्खी कॉलोनी, 20 आठ-फ्रेम वाले मधुमक्खी बक्से एवं एक हनी एक्सट्रैक्टर मशीन के साथ अन्य आवश्यक उपकरण का वितरण किया गया। साथ ही जिला उद्यान पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को मधुमक्खी पालन के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ना, उनकी आय में वृद्धि करना तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। मधुमक्खी पालन से शहद उत्पादन के साथ-साथ फसलों में परागण को बढ़ावा मिलेगा, जिससे कृषि एवं बागवानी फसलों की उत्पादकता में भी वृद्धि होगी।