गिरिडीह रोजगार मेले में 175 युवाओं को मिला नौकरी का ऑफर

गिरिडीह रोजगार मेले में 175 युवाओं को मिला नौकरी का ऑफर

25 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 456 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए किया गया शार्टलिस्ट 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल रंग लाती दिखी। बुधवार को शहर के झंडा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार मेला-2026 में 175 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर प्रदान किया गया, जबकि 456 अन्य अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। रोजगार मेले में कुल 25 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजक संस्थानों ने हिस्सा लिया।

श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड के तत्वावधान में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, गिरिडीह की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के द्वितीय एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव, जिला नियोजन पदाधिकारी मनोज मंजित एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

रोजगार मेले में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचे। अभ्यर्थियों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी कौशल के अनुसार विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। मेले में एलएंडटी कंस्ट्रक्शन, एसआईएस लिमिटेड, विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, पीपुल मंत्रा, वर्डे इकोटेक्स रीसाइक्लिंग, जर्मन एमएनसी सहित 25 नियोजक संस्थानों ने भाग लिया।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों से जुड़ने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल में निरंतर वृद्धि करते हुए उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। जिला प्रशासन युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला नियोजन पदाधिकारी मनोज मंजित ने कहा कि स्थानीय युवक-युवतियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे मेले आयोजित किए जाते हैं। इससे युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है। रोजगार मेले के सफल आयोजन में जिला नियोजनालय के कर्मियों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top