गोपाष्टमी मेले में चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर, सुरक्षा के लिए लगाए जाएंगे 72 सीसीटीवी कैमरे

गोपाष्टमी मेले में चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर, सुरक्षा के लिए लगाए जाएंगे 72 सीसीटीवी कैमरे

डीजे न्यूज,पचंबा,गिरिडीह : पचंबा स्थित श्री गोपाल गौशाला में आयोजित होने वाले गोपाष्टमी मेले को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था की व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 72 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। वहीं, यातायात नियंत्रण से लेकर सफाई, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं तक के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

इस संबंध में मंगलवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रशासनिक बैठक हुई। बैठक में मेले के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और गौशाला कमेटी के सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ दिनभर पेट्रोलिंग की जाएगी। मेला में तैनात वालंटियरों को पहचान पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा।

**अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की भी रहेगी विशेष व्यवस्था**

मेले में साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है। निगम की ओर से प्रतिदिन सफाई कराने, डस्टबिन उपलब्ध कराने और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पर्याप्त रोशनी के लिए बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ एक बिजली मिस्त्री को भी तैनात किया जाएगा।

अग्निशमन सुरक्षा के लिए एक फायर ब्रिगेड वाहन और दो कर्मियों की तैनाती रहेगी। वहीं, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक एंबुलेंस और दो स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहेंगे।

**मेले के रास्ते में मीट और शराब की बिक्री पर रोक**

बैठक में मेले के रास्ते में मीट दुकानों और शराब की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है।

बैठक में डीएसपी-2 रुपेंद्र कुमार राणा, नगर निगम, सदर अस्पताल, ट्रैफिक विभाग, अग्निशमन विभाग के प्रतिनिधि तथा पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार मौजूद थे। इसके अलावा मेला समिति के सचिव प्रवीण बागड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप डोकानिया, बांके बिहारी शर्मा, पवन कंधवे, संजय भदौलिया, राजेश छापरिया, नीलू केडिया, गौतम सोनी, संतोष चौरसिया, नरेंद्र सिंह, इरफान आलम, विमल केडिया, संजय दंगाइच, अनिल अग्रवाल, अशोक बगड़िया सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top