हेमंत सरकार की अराजकता के खिलाफ गिरिडीह में भाजपा का सड़क पर संग्राम

हेमंत सरकार की अराजकता के खिलाफ गिरिडीह में भाजपा का सड़क पर संग्राम

बाबूलाल मरांडी का हमला : एसआईआर के नाम पर भ्रम फैलाकर अराजकता पैदा कर रहे कांग्रेस और सहयोगी दल

आदित्य साहू की हुंकार : लोकतंत्र बचाने और अराजकता हटाने के लिए भाजपा सड़क पर उतरी

गिरिडीह में भाजपा की पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़, हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी

डीजे न्यूज, गिरिडीह: लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को गिरिडीह शहर में भाजपा की ओर से निकाली गई पदयात्रा में कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। भाजपा गिरिडीह महानगर और ग्रामीण जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस पदयात्रा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मुख्य रूप से शिरकत की। दोनों नेताओं की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर राजनीतिक माहौल गरमा दिया।

पदयात्रा की शुरुआत झंडा मैदान से हुई। यहां से कार्यकर्ताओं का काफिला अंबेडकर चौक, कालीबाड़ी, टावर चौक और मुस्लिम बाजार होते हुए बड़ा चौक की ओर बढ़ा। हाथों में भाजपा के झंडे और सरकार विरोधी नारों से लिखी तख्तियां लिए कार्यकर्ता लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के नारे लगाते हुए चल रहे थे। पूरे रास्ते पदयात्रा को लेकर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और सहयोगी दलों पर साधा निशाना

झंडा मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल एसआईआर के नाम पर भ्रम फैलाकर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र की रक्षा और जनता के बीच सच्चाई पहुंचाने के लिए मजबूती से आगे आने का आह्वान किया।

आदित्य साहू ने भरी हुंकार, अराजकता के खिलाफ भाजपा की लड़ाई जारी रहेगी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी सभा को संबोधित करते हुए लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ओर से एसआईआर को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर सवाल उठाए और कहा कि भाजपा लोकतंत्र के सवाल पर किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जाकर आवाज बुलंद करने की अपील की।

पदयात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से पूरे मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनी रहे।

कार्यक्रम में जमुआ विधायक डॉ. मंजू कुमारी, पूर्व विधायक अमर बाउरी, निर्भय कुमार शाहबादी, महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, जिला प्रभारी डॉ. संजय कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष और आम नागरिक शामिल हुए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top