जिप की सामान्य समिति की बैठक संपन्न, जनहित एवं जिप की परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग पर हुई चर्चा
डीजे न्यूज, धनबाद: जिला परिषद की सामान्य समिति (स्थायी समिति) की बैठक मंगलवार को जिप अध्यक्ष शारदा सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिला कार्यालय धनबाद में आयोजित बैठक में जनहित एवं जिला परिषद की परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान टेक्सटाइल मार्केट, जिला परिषद के अधिवक्ताओं का पैनल निर्माण, कांग्रेस भवन की जमीन, माननीय न्यायालय के आदेश के आलोक में जिला परिषद के पक्ष में पारित आदेश से संबंधित परिसंपत्तियों तथा एप्पल रेस्टोरेंट एवं कला भवन के समीप स्थित बहुउद्देशीय भवन की लीज अवधि विस्तार जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में जिप सदस्यों ने उक्त मामलों में अनियमितताओं एवं परिसंपत्तियों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। इस पर जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने भरोसा दिलाया कि संबंधित मामलों की गंभीरता से जांच कराई जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला परिषद की परिसंपत्तियों का समुचित उपयोग एवं जिला परिषद के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मो. इस्राफील लाला, विकास महतो, ऊषा देवी, कुमारी श्वेता जी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।