घर में चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने युवक को पकड़ा; पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ा
गावां में रात के अंधेरे में घर में घुसकर लोहे का सामान चुराने का आरोप
डीजे न्यूज, गावां, गिरिडीह : गावां में रात के अंधेरे में घर में घुसकर लोहे का सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना में बगल के ही एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। हालांकि, पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण उसे कड़ी हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यशवंत राम के घर में उनके पड़ोसी जित्तू राम, पिता स्व. मधुसूदन राम कथित रूप से घुसकर लोहे का सामान चोरी कर रहे थे। इसी दौरान घर के परिजनों को इसकी भनक लग गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया। हालांकि, रविवार को पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिए जाने पर पुलिस ने युवक को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया।