भाजपा नेता मुकेश पांडेय के आमंत्रण पर पटेल जयंती समारोह में पहुंचे ढुलू महतो व संजीव सिंह 

भाजपा नेता मुकेश पांडेय के आमंत्रण पर पटेल जयंती समारोह में पहुंचे ढुलू महतो व संजीव सिंह

पहले सांसद पहुंचे फिर मेयर, मंच पर एक साथ दोनों को देखने को इच्छा रह गई अधूरी

पटेल चौक पर धूमधाम से मनाई गई सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती, नेताओं ने किया नमन

डीजे न्यूज, धनबाद : हीरापुर स्थित पटेल चौक पर शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित समारोह में धनबाद के सांसद ढुलू महतो, मेयर संजीव सिंह, विधायक राज सिन्हा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह में पहले सांसद ढुलू महतो पहुंचे। उनके संबोधन कर जाने के बाद मेयर संजीव सिंह उस समारोह में पहुंचे। इस कारण दोनों नेताओं को एक साथ एक मंच पर देखने की इच्छा वहां मौजूद लोगों की अधूरी रह गई। बहरहाल भाजपा नेता मुकेश पांडेय के आमंत्रण पर दाेनों नेता किसी एक समारोह में पहुंचे।

इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए सांसद ढुलू महतो ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में बांधने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उन्होंने विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की परिकल्पना को साकार किया। उनके प्रयासों के कारण ही आज देश एक मजबूत राष्ट्र के रूप में खड़ा है।

सांसद ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस के भीतर प्रधानमंत्री पद के लिए सरदार पटेल को व्यापक समर्थन प्राप्त था, लेकिन महात्मा गांधी के आग्रह पर उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के नाम का समर्थन किया। यदि परिस्थितियां अलग होतीं तो सरदार पटेल देश के पहले प्रधानमंत्री बन सकते थे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का त्याग, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

मेयर संजीव सिंह ने भी सरदार पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके आदर्शों और बताए रास्ते पर चलकर ही राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने पूरे जीवन में देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखा। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने राष्ट्र को हमेशा सर्वोपरि माना और अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। ऐसे महान राष्ट्रनायक को वे कोटि-कोटि नमन करते हैं।

इस मौके पर भाजपा नेता एवं पटेल स्मारक समिति के महासचिव मुकेश पांडेय ने कहा कि समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी सरदार पटेल की जयंती मनाई गई। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को जानने तथा उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।

समिति के अध्यक्ष राजू सिंह ने कहा कि सरदार पटेल जैसे महापुरुष दुनिया में विरले ही जन्म लेते हैं। उनका जीवन त्याग, समर्पण, साहस और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। आज की पीढ़ी को उनके आदर्शों को आत्मसात करने की जरूरत है। कार्यक्रम में समिति के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी रही। समारोह का समापन सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलने और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ। अध्यक्षता राजू सिंह व संचालन नरेंद्र त्रिवेदी ने किया। मौके पर सुशील सिंह, मुकेश पांडेय, चंद्रशेखर सिंह, संजय झा, नीतीन भट्ट, कुमार कौशल संतोष सिंह, मुन्ना सिंह, मनी सिंह, इंद्रर सिंह, संतोष सिंह, शांतनु चंद्रा, अनिल शर्मा अशोक पाल, देबू महतो, राजकुमार राय, जीतेंद्र मालाकार, उत्तम महतो, शरत पांडेय, धीरेन्द्र ब्रह्मचारी आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top