रन फॉर यूनिटी में दौड़े अधिकारी व जवान
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): प्रधानखंटा स्थित सीआरपीएफ 154 वाहिनी मुख्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिकारी एवं जवानों ने रन फॉर यूनिटी में काफी उत्साह के साथ भाग लिया। कमांडेंट ने सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा पर किए गए कार्यों का उल्लेख किया । उन्होंने जवानों से देशवासियों के बीच आपसी सौहार्द एवं एकता की भावना को प्रोत्साहित करने तथा आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनंद, डिप्टी कमान अमित कुमार झा, भास्कर भट्टाचार्य, डॉक्टर हर्ष झा, इंस्पेक्टर मदन मोहन उपाध्याय समेत अन्य पदाधिकारी एवं जवान थे। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता के लिए शपथ ली गई।