राष्ट्रीय एकता दिवस पर तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरे युवा, बाबूलाल मरांडी ने किया यूनिटी मार्च का शुभारंभ

राष्ट्रीय एकता दिवस पर तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरे युवा, बाबूलाल मरांडी ने किया यूनिटी मार्च का शुभारंभ

झंडा मैदान से निकली पदयात्रा में स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स और सामाजिक कार्यकर्ताओं की रही भागीदारी

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को गिरिडीह में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। शहर के झंडा मैदान से निकले इस मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सह झारखंड प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, भाजपा महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय, ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे, कॉलेज के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न एकेडमी के युवा शामिल हुए।

यूनिटी मार्च में युवाओं और विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मार्च के जरिए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा देश की एकजुटता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

झंडा मैदान से निकला यूनिटी मार्च राष्ट्रप्रेम और एकजुटता का संदेश देते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन को यादगार बना गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top