गिरिडीह में राज्य स्तरीय बैडमिंटन का रोमांच, 150 खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले
गिरिडीह के डी राजवीर और दिशु गुप्ता ने दिखाया दम
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित योनेक्स-सनराइज झारखंड राज्य सब-जूनियर अंडर-15 एवं अंडर-17 बैडमिंटन टूर्नामेंट सह चयन ट्रायल के मुकाबले उत्साहपूर्वक जारी हैं।
प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 150 बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खिलाड़ी सिंगल्स, डबल्स एवं मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन की उपस्थिति में हुआ। समारोह में श्वेता जी, डीडीसी , एसडीएम , मेयर, डिप्टी मेयर, खेल पदाधिकारी, सलूजा गोल्ड के बंटी जी, गिरिडीह बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश यादव तथा उपाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र चौधरी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना, अनुशासन तथा नियमित अभ्यास के महत्व पर जोर दिया।
शुक्रवार, 30 अक्टूबर के चुनिंदा मुकाबलों के परिणाम
अंडर-15 बालक वर्ग में
– गिरिडीह के डी. राजवीर ने रांची के यशवंत पिंगुआ को 15-7, 15-3 से हराया
– रांची के अंश कुमार यादव ने ईस्ट सिंहभूम के निशिकांत महतो को 15-11, 15-11 से हराया
– रांची के सिरिल साहू ने गिरिडीह के सक्षम लेहरी को 15-8, 15-3 से पराजित किया
अंडर-17 बालक वर्ग में
– गिरिडीह के अंकित कुमार ने दुमका के ध्रुव नारायण सिंह को 15-6, 15-7 से हराया
– रांची के अरुल कुमार ने ईस्ट सिंहभूम के आद्वैत रंजन को 15-7, 15-8 से हराया
– दुमका के सार्थक जायसवाल ने हजारीबाग के हार्दिक सिंह को 15-11, 15-5 से पराजित किया
अंडर-15 बालिका वर्ग में
– धनबाद की प्रियंका कुमारी ने गुमला की जीविका मांत्री को 15-7, 15-2 से हराया
– रांची की प्रियाशी महतो ने धनबाद की तृषा गुंइ को 15-4, 15-5 से हराया
– गिरिडीह की दिशु गुप्ता ने रांची की सौम्या कुमारी को तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में 9-15, 15-12, 15-10 से पराजित किया
प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए 12 अंपायरों की टीम तैनात है। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों एवं अधिकारियों की सुविधा तथा मैचों के व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। गिरिडीह बैडमिंटन एसोसिएशन ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, खेल विभाग, सहयोगियों, अंपायरों, खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता 1 नवंबर तक जारी रहेगी।