पूर्वी टुंडी में जलापूर्ति योजना को झटका, ट्रांसफार्मर से क्वाइल-केबल चोरी – 4 पंचायतों में गहराया पेयजल संकट
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी (धनबाद) : मोहलीडीह-रुपन-लटानी मेगा जलापूर्ति योजना को अज्ञात चोरों ने बड़ा झटका दिया है। बराकर नदी के मोहलीडीह स्थित इंटेकवेल को संचालित करने के लिए लगाए गए बिजली ट्रांसफार्मर से गुरुवार की रात चोरों ने क्वाइल और केबल तार की चोरी कर ली।
इस घटना के बाद मेगा जलापूर्ति योजना के ठप होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। इससे हजारों की आबादी प्रभावित हो सकती है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने पहले बिजली कनेक्शन विच्छेद किया। इसके बाद ट्रांसफार्मर को खोलकर बड़े ही आराम से उसके अंदर लगे क्वाइल समेत अन्य कीमती पुर्जे और केबल तार चोरी कर लिए। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित विभागों को इसकी सूचना दी गई।
गौरतलब है कि बराकर नदी के किनारे स्थित उक्त ट्रांसफार्मर से ही इंटेकवेल का संचालन होता था। इसी इंटेकवेल के माध्यम से पानी पंप कर मोहलीडीह स्थित जलशोधन प्लांट तक पहुंचाया जाता था। इसके बाद मोहलीडीह, लटानी, रघुनाथपुर और रुपन पंचायत के दर्जनों गांवों में पेयजल की आपूर्ति की जाती थी।
ट्रांसफार्मर के महत्वपूर्ण पुर्जों की चोरी हो जाने से इंटेकवेल का संचालन प्रभावित होना तय है। ऐसे में चार पंचायतों के हजारों ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट गहराने की आशंका है। घटना की सूचना बिजली विभाग और पीएचईडी विभाग को दे दी गई है।
इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता मुरली मनोहर प्रसाद ने बताया कि पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता (जेई) को पूर्वी टुंडी थाना में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है। वहीं, पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर से क्वाइल और केबल चोरी होने की लिखित सूचना अभी तक थाने को प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।