कुलगो टोल प्लाजा पर एक नवंबर से लोकल पास की नई दरें लागू करने की घोषणा 

कुलगो टोल प्लाजा पर एक नवंबर से लोकल पास की नई दरें लागू करने की घोषणा 

 टोल प्लाजा के 20 किमी के दायरे में रहने वाले स्थानीय लोगों के गैर-वाणिज्यिक, निजी कारों के लिए मासिक पास बनवाना होगा अनिवार्य, 360 रुपये प्रतिमाह एवं 3000 रुपये सालाना शुल्क निर्धारित

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने गिरिडीह जिले के एनएच-19 स्थित कुलगो टोल प्लाजा पर एक नवंबर 2026 से लोकल पास की नई दरें लागू करने की घोषणा की है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, पीआईयू धनबाद की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यह व्यवस्था एनएच-19 के गोरहर-बरवा अड्डा सेक्शन में किलोमीटर 320.810 से 401.332 तक प्रभावी होगी। कुलगो गांव के समीप किलोमीटर 352.100 पर स्थित टोल प्लाजा में नई दरों के तहत पास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

टोल प्रबंधक बिनोद कुमार ने बताया कि टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय लोगों के गैर-वाणिज्यिक, निजी कारों के लिए मासिक पास बनवाना अनिवार्य होगा। इसके लिए 360 रुपये प्रतिमाह एवं 3000 रुपये सालाना शुल्क निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र दिखाने मात्र से टोल शुल्क में छूट नहीं मिलेगी। एनएचएआई की ओर से इस संबंध में किसी प्रकार की अतिरिक्त छूट का प्रावधान नहीं किया गया है।वहीं, प्रोजेक्ट डायरेक्टर विशाल कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार और एनएचएआई की नई नियमावली एक नवंबर 2026 से लागू होने जा रही है। इसके तहत गैर-वाणिज्यिक निजी वाहनों के लिए 3000 रुपये में एक वर्ष की वैधता वाला वार्षिक पास उपलब्ध कराया जाएगा। यह पास केवल संबंधित टोल प्लाजा के लिए मान्य होगा। दूसरे टोल प्लाजा पर इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाणिज्यिक वाहनों और राष्ट्रीय परमिट वाले वाहनों के लिए यह सुविधा लागू नहीं होगी। एनएचएआई की ओर से ऐसे वाहनों के लिए किसी प्रकार की विशेष छूट निर्धारित नहीं की गई है।एनएचएआई की नई व्यवस्था लागू होने से कुलगो टोल प्लाजा से नियमित आवागमन करने वाले स्थानीय वाहन मालिकों को निर्धारित नियमों के अनुसार पास बनवाना होगा। वाहन चालकों को पास बनवाने से पहले उसकी पात्रता, शुल्क और वैधता की जानकारी टोल प्रबंधन से प्राप्त करने की सलाह दी गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top