जनसंख्या गणना को लेकर धनबाद में दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ

जनसंख्या गणना को लेकर धनबाद में दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ

डीजे न्यूज, धनबाद: जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड, राँची के तत्वावधान में बुधवार को जिला सभागार, समाहरणालय, धनबाद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात् जनसंख्या गणना के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह उपायुक्त धनबाद के नेतृत्व में जिला स्तर एवं चार्ज स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ।

प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों, समयबद्ध निरीक्षण तथा CMMS पोर्टल के माध्यम से आँकड़ों के संग्रहण एवं प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षण में राष्ट्रीय स्तर के जनगणना प्रशिक्षक मुरारी मोहन तथा जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड, राँची से आए विवेक कुमार, सांख्यिकी पर्यवेक्षक ग्रेड-2 ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।

जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता धनबाद प्रदीप कुमार शुक्ला के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण में धनबाद जिले के सभी चार्ज पदाधिकारी एवं सहायक चार्ज पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला जनगणना कोषांग के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने भी इसमें भाग लिया।राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक मुरारी मोहन ने जनगणना के द्वितीय चरण में चार्ज पदाधिकारियों की भूमिका, उनके दायित्वों, कार्यों के समयबद्ध निष्पादन तथा क्षेत्रीय कार्यों के नियमित निरीक्षण से संबंधित विभिन्न मॉड्यूल्स पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जनगणना कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, निर्धारित समय-सीमा का पालन करने तथा सभी स्तरों पर प्रभावी समन्वय बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया।

वहीं, विवेक कुमार ने भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय (ORGI), नई दिल्ली के स्तर पर विकसित CMMS पोर्टल के उपयोग, जनगणना संबंधी आँकड़ों के संग्रहण, प्रविष्टि, निगरानी एवं प्रबंधन से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने प्रतिभागियों को पोर्टल की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए जनगणना कार्य में डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।

प्रशिक्षण में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी सह जिला सांख्यकी पदाधिकारी उमेश  लोहरा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जनगणना के कार्यों को उच्च प्राथमिकता देने की बात रखी।आज के इस प्रशिक्षण में सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी राजीव कुमार, धनबाद जिले के मास्टर ट्रेनर पुष्कर चंद्र झा तथा जिला जनगणना कोषांग के नीरज कुमार प्रसाद,  राज कुमार, देवेंद्र कुमार सिंह एवं कुलदीप सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

इस दो दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रक्रियागत, प्रशासनिक एवं तकनीकी रूप से तैयार करना है, ताकि जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप, समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अपने-अपने स्तर पर दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने, कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया में आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top