2 नवंबर को देवघर आएंगे मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, सिविल कोर्ट में लगेगा राज्यस्तरीय विधिक सशक्तीकरण शिविर

2 नवंबर को देवघर आएंगे मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, सिविल कोर्ट में लगेगा राज्यस्तरीय विधिक सशक्तीकरण शिविर

डीजे न्यूज, देवघर : भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के आगामी देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 2 नवंबर को आयोजित होने वाले स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज-कम-इम्पॉवरमेंट कैंप की तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन के अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर में राज्यस्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

 

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा के लिए संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे।

वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए शहर में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए तैयार रूट चार्ट और पुलिस बलों की तैनाती की रूपरेखा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम स्थल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

बैठक समाप्त होने के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने व्यवहार न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान 2 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए पंडाल, मंच निर्माण, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बैठक में जिले के न्यायाधीशों के अलावा अपर समाहर्ता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top