बारामुड़ी खटाल को किसी भी कीमत पर उजड़ने नहीं देंगे : अजय दुबे 

बारामुड़ी खटाल को किसी भी कीमत पर उजड़ने नहीं देंगे : अजय दुबे 

पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ने कहा-कांग्रेस यहां राजनीति करने नहीं, बल्कि लोगों की आवाज बनने आई है

डीजे न्यूज, धनबाद : जिला प्रशासन द्वारा विनोद बिहारी चौक के समीप स्थित बारामुड़ी खटाल को हटाने की चर्चा के बीच कांग्रेस पार्टी ने स्थानीय लोगों के समर्थन में मोर्चा खोल दिया है। धनबाद लोकसभा व विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय कुमार दुबे बुधवार को बारामुड़ी खटाल पहुंचे। उनके साथ धनबाद जिला के कई प्रमुख कांग्रेस नेता भी गए थे।

अजय दुबे ने बारामुड़ी खटाल के प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी कीमत पर गरीबों को उजड़ने नहीं दिया जाएगा।

इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए अजय कुमार दुबे ने कहा कि बारामुड़ी खटाल के लोगों की मानसिक स्थिति प्रशासनिक कार्रवाई और खटाल हटाए जाने की चर्चा के कारण खराब हो रही है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यहां राजनीति करने नहीं, बल्कि लोगों की आवाज बनने आई है। स्थानीय लोगों को जिस परिस्थिति का सामना करना पड़ रहा है, वैसी स्थिति नहीं बननी चाहिए थी। अजय कुमार दुबे ने जुलाई 2005 में बेकारबांध से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन उपायुक्त बिला राजेश ने विवेकपूर्ण और संवेदनशील निर्णय लेकर लोगों को बारामुड़ी में बसाया था। उस समय केवल लोगों को बसाया ही नहीं गया, बल्कि बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं। उस बैठक में वह स्वयं मौजूद थे। ऐसे में अब खटाल खाली कराने की बात करना पूरी तरह जनहित के विपरीत है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर गरीबों की आजीविका और उनके आशियाने पर संकट खड़ा करना उचित नहीं है। प्रभावित परिवारों को विश्वास में लेकर मानवीय और न्यायसंगत समाधान निकाला जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर कांग्रेस सभी संबंधित कागजात और साक्ष्यों के साथ जनता का पक्ष प्रशासन और सरकार के समक्ष रखेगी। यदि न्याय मिलने में किसी तरह की बाधा आती है तो मामले को सभी स्तरों पर उठाया जाएगा। कांग्रेस की पूरी कोशिश होगी कि खटाल हटाने की नौबत नहीं आए। उन्होंने भाजपा सांसद और विधायक से भी अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा प्रभावित लोगों के पक्ष में ठोस पहल करने की मांग की। इस मौके पर

कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह, राशिद राजा अंसारी, शमशेर आलम, मनोज यादव, मदन महतो, योगेंद्र सिंह योगी, शाहिद कमर, सुंदर प्रसाद यादव, इरफान खान चौधरी, मृयूंजय सिंह, ऋषिकांत यादव, हरेंद्र शाही सहित कांग्रेस के अनेक नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top