फुलारीटांड में सड़क हादसा, तीन जख्मी
डीजे न्यूज, कतरास, धनबाद
मधुबन थाना क्षेत्र के फुलारीटांड रेल्वे फाटक के पास मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। घटना में मोटरसाइकिल सवार दंपती और उनका पुत्र जख्मी हो गया। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे फुलारीटांड रेलवे फाटक बंद था, जिससे फाटक के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई थी। एक दंपती अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे। फाटक के पीछे एक हाइवा खड़ा था और उसके ठीक पीछे मोटरसाइकिल सवार ने अपनी गाड़ी खड़ी कर दी थी।
इसी दौरान पीछे से ईंट लदा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर आया और मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से मोटरसाइकिल सवार परिवार सहित सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में मोटरसाइकिल चालक का पैर टूट गया, जबकि पीछे बैठी महिला का बायां हाथ टूट गया और उनके पुत्र को आंशिक चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि दिलीप विश्वकर्मा और समाजसेवी जयप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे और जख्मियों को तत्काल इलाज के लिए बोकारो भेजा। वहीं ट्रैक्टर और चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। घायल मोटरसाइकिल सवार तोपचांची का रहने वाला बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फाटक बंद होने से रोजाना लंबा जाम लगता है और जल्दबाजी में वाहन आगे-पीछे करने से आए दिन ऐसे हादसे होते हैं। मधुबन पुलिस मामले की जांच कर रही है।