चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर देवघर जिला प्रशासन अलर्ट

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर देवघर जिला प्रशासन अलर्ट

उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, NDRF टीम स्टैंडबाय पर

डीजे न्यूज, देवघर : देवघर जिले 28 और 29 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने जिला, प्रखंड, पंचायत और नगर निकायों (नगर निगम एवं नगर परिषद) के अधिकारियों को चक्रवात के दौरान आमजनों को होने वाली किसी भी असुविधा से बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जलजमाव और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं पर रहेगी पैनी नजर

उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जलजमाव की आशंका वाले निचले इलाकों पर लगातार नजर बनाए रखें। इसके साथ ही आंधी-तूफान के दौरान पेड़ या बिजली के खंभे गिरने जैसी आपातकालीन घटनाओं से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीमों को आवश्यक उपकरणों के साथ पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है, ताकि सड़कों पर यातायात बाधित न हो।

बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के निर्देश

तूफान के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए उपायुक्त ने विद्युत आपूर्ति विभाग के कार्यपालक अभियंता को विशेष रूप से निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि यदि आंधी-पानी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होती है, तो उसे न्यूनतम समय में जल्द से जल्द बहाल करने के लिए अतिरिक्त मैनपावर और तकनीकी टीमों को मुस्तैद रखा जाए।

29 और 30 अक्टूबर को बारिश की संभावना, NDRF अलर्ट पर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, जिले में 29 और 30 अक्टूबर को आंशिक बारिश होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने एनडीआरएफ (NDRF)की टीम सहित सभी स्थानीय राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड (स्टैंडबाय) पर रहने का आदेश दिया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू किया जा सके। आगे उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से भी अपील की है कि वे तूफान के दौरान सतर्क रहें, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top