छठ की तैयारियों पर निगम अधिकारियों के साथ बैठक, समय पर काम पूरा करने का निर्देश
छठ घाटों के रास्तों के गड्ढे भरें, रोशनी व सफाई दुरुस्त करें : संजीव सिंह
डीजे न्यूज, धनबाद: आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मंगलवार को धनबाद नगर निगम कार्यालय में मेयर संजीव सिंह ने निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत, तालाबों की सफाई, घाटों पर स्वच्छता और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
घाटों तक सुगम आवागमन पर जोर
मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ घाटों तक जाने वाले मार्गों पर बने गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। घाटों और तालाबों की सफाई के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
मेयर संजीव सिंह ने कहा, “छठ महापर्व हमारी आस्था और परंपरा का महापर्व है। व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट, सुरक्षित वातावरण और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी समय रहते तैयारियां पूरी करें। व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
उन्होंने सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया, ताकि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।