भूली के वाल्मीकि नगर में धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती

भूली के वाल्मीकि नगर में धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती

डीजे न्यूज, भूली,धनबाद : भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज एवं वाल्मीकि महापंचायत के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भूली के ए ब्लॉक स्थित वाल्मीकि नगर में महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। समारोह में महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भूली नगर अध्यक्ष निर्मल कुमार ने की, जबकि समाजसेवी दिलीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री गंगा वाल्मीकि और स्थानीय युवाओं ने अतिथियों एवं महिलाओं को अंगवस्त्र और चुनरी भेंट कर सम्मानित किया।

**रामायण में छिपा है आदर्श जीवन का संदेश**

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दिलीप सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि महान संत और आदिकवि थे। उन्होंने रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर मानव समाज को सत्य, मर्यादा, त्याग और आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। रामायण में निहित संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। यदि लोग इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं, तो समाज और देश का कल्याण संभव है।

उन्होंने कहा कि रामायण हमें दृढ़ संकल्प, मजबूत इच्छाशक्ति और कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य के प्रति अडिग रहने की प्रेरणा देती है। भगवान श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों से सीख लेकर व्यक्ति कठिन से कठिन कार्य को भी संभव बना सकता है। महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से भगवान श्रीराम की महिमा का वर्णन करने के साथ ही मानव जीवन में मर्यादा और नैतिक मूल्यों के महत्व को भी स्थापित किया।

कार्यक्रम का संचालन मानस रंजन पाल एवं जितेंद्र कुमार ने किया। वहीं, वाल्मीकि महापंचायत के प्रदेश अध्यक्ष पंकज कुमार वाल्मीकि ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में उपस्थित लोगों ने महर्षि वाल्मीकि के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top