डीजे संचालकों की समस्याओं पर मुखर हुआ जिला साउंड एसोसिएशन, एकजुट होकर संघर्ष करने का लिया संकल्प

डीजे संचालकों की समस्याओं पर मुखर हुआ जिला साउंड एसोसिएशन, एकजुट होकर संघर्ष करने का लिया संकल्प

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जामतारा पंचायत सचिवालय में जिला साउंड एसोसिएशन का छठा प्रखंड स्तरीय अधिवेशन 2026 आयोजित किया गया। प्रखंड सचिव बबलू रजक की अध्यक्षता में आयोजित इस अधिवेशन में क्षेत्र के दर्जनों डीजे संचालकों ने भाग लिया। बैठक में संचालकों की समस्याओं, अधिकारों और संगठन की मजबूती पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सदस्यों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राम जी यादव ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से डीजे संचालकों पर दबाव बनाए जाने के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक कार्यक्रमों में डीजे बजाने पर रोक लगाकर संचालकों को परेशान किया जाता है, जबकि सरकारी कार्यक्रमों में नियमों के पालन को लेकर अलग-अलग स्थिति देखने को मिलती है। उन्होंने संचालकों की समस्याओं के समाधान के लिए उचित पहल की आवश्यकता जताई।

वहीं, प्रखंड सचिव बबलू रजक ने कहा कि डीजे संचालकों को बार-बार दबाव में लाने का प्रयास किया जाता है। इसी को देखते हुए संगठन की बैठक आयोजित की गई, ताकि सभी संचालक एक मंच पर आकर अपनी समस्याओं को रख सकें और उनके समाधान के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठा सकें।

प्रखंड अध्यक्ष अजीत पाठक ने कहा कि संगठन के सदस्यों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी संचालक को अनुचित तरीके से परेशान किए जाने की स्थिति में संगठन के स्तर पर मजबूती से विरोध दर्ज कराया जाएगा। अधिवेशन में मौजूद सदस्यों ने भी संगठन की एकता को मजबूत करने और आपसी सहयोग के साथ समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में प्रखंड कोषाध्यक्ष प्रेम कुमार, संयोजक राहुल राणा, प्रवक्ता उमेश साव, सुनील साव, कुलदीप कुमार, सुनील कुमार समेत दर्जनों डीजे संचालक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top