शहीद अजय टुडू को 18वें शहादत दिवस पर दी गई श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और विकास के लिए संघर्ष करने वाले अमर शहीद अजय टुडू का 18वां शहादत दिवस रविवार को पीरटांड़ स्थित शहीद सिद्धू-कान्हू मध्य विद्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। मरांग बुरू संस्थान के संस्थापक शहीद अजय टुडू को श्रद्धांजलि देने के लिए जनप्रतिनिधियों, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं, कार्यकर्ताओं और सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और समाज के प्रति समर्पण को याद किया।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री फागु बेसरा, दिवंगत पूर्व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला सचिव महालाल सोरेन, जिला सह सचिव दिलीप रजक, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महताब मिर्जा और पीरटांड़ प्रमुख सविता टुडू सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
इसके अलावा झामुमो प्रखंड अध्यक्ष बिरजू मरांडी, प्रखंड कोषाध्यक्ष अंबिका राय, महावीर मरांडी, बाबूराम हेम्ब्रम, भगवान किस्कु, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष नीलकंठ महतो, प्रखंड उपाध्यक्ष शेखर महतो एवं अपर्णा देवी समेत अन्य लोगों ने शहीद को नमन किया।
*शहीद के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प**
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने शहीद अजय टुडू के संघर्षों और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया। उन्होंने कहा कि समाज के अधिकारों, सम्मान और विकास के लिए समर्पित उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने और समाज के सुख-दुःख में साथ खड़े रहने की उनकी भावना को हमेशा याद रखा जाएगा।
सभा में उपस्थित लोगों ने शहीद अजय टुडू के विचारों और सामाजिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
18वें शहादत दिवस पर शहीद अजय टुडू के प्रति लोगों की श्रद्धा और सम्मान देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन उनके बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।