कतरी नदी का गला घोंट रही थी कोयला कंपनी, नदी में ह्यूम पाइप डालकर बना दिया अवैध पुल

कतरी नदी का गला घोंट रही थी कोयला कंपनी, नदी में ह्यूम पाइप डालकर बना दिया अवैध पुल
बीसीसीएल के जीएम, एजीएम समेत सात पर प्राथमिकी
आरके कोल माइनिंग की मनमानी पर प्रशासन का एक्शन

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद) : धनबाद में पर्यावरण और नदी के अस्तित्व से खिलवाड़ करने वाली एक बड़ी कोयला कंपनी पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। कतरी नदी के प्राकृतिक बहाव में छेड़छाड़ कर अवैध पुल बनाने के मामले में बीसीसीएल के महाप्रबंधक समेत 7 लोगों पर केस दर्ज हुआ है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आर.के. कोल माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा कतरी नदी के प्राकृतिक बहाव में छेड़छाड़ कर नदी में ह्यूम पाइप लगाकर कोयला परिवहन के लिए बिना किसी सक्षम प्राधिकार की अनुमति के कच्चा पुल बना दिया गया।
कंपनी ने भारी वाहनों के आवागमन के लिए नदी किनारे ओबी/मिट्टी भराई भी कर दी, जिससे नदी का प्राकृतिक प्रवाह क्षेत्र संकुचित हो गया।
अंचल अधिकारी, बाघमारा के आवेदन पर कतरास थाना कांड संख्या 269/26, दिनांक 24.10.2026 के तहत महाप्रबंधक BCCL एरिया-4 कतरास, AGM BCCL एरिया-4 कतरास, प्रोजेक्ट ऑफिसर BCCL गजलीटांड़ कतरास, सुपरवाइजर BCCL गजलीटांड़ तथा आर.के. कोल माइनिंग के प्रोजेक्ट हेड, उसके मैनेजर एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध BNS की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस मामले में अग्रतर अनुसंधान और विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।


बता दें कि बीसीसीएल के कतरास-चैतुडीह एकीकृत कोलियरी के अंर्तगत आउटसोर्सिंग के जरिए कोयला खनन का कार्य किया जा रहा है। खनन कार्य का जिम्मा आर.के. कोल माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड को मिला है। खनन कार्य और कोल डंप के बीच कतरी नदी है। इसी नदी में ह्यूम पाइप लगाकर कोयला परिवहन किया जा रहा है। इसके लिए बिना किसी सक्षम प्राधिकार की अनुमति के कच्चे पुल का निर्माण किया गया है। कंपनी के द्वारा भारी वाहनों के आवागमन हेतु कतरी नदी के किनारे ओ०बी०/मिट्टी भराई की गई है, जिसके कारण नदी का प्राकृतिक प्रवाह क्षेत्र संकुचित हो गया है। मामला उजागर होने के बाद बाघमारा सीओ ने जांच की थी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top