पोखरिया अनाथ विद्यालय के 50 में से 42 बच्चे खुजली से पीड़ित
पेमिया ऋषिकेश अनाथ विद्यालय में संक्रमण की शिकायत, नौ वर्षीय छात्र को घर के बाहर छोड़ने का भी आरोप
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : प्रखंड के पोखरिया स्थित पेमिया ऋषिकेश अनाथ विद्यालय में बच्चों के बीच खुजली और त्वचा संक्रमण की शिकायत सामने आई है। वार्डन द्वारा विद्यालय में रहने वाले 50 बच्चों में से 40-42 बच्चों के खुजली से पीड़ित होने की बात कही जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के प्रभावित होने से विद्यालय में बच्चों के स्वास्थ्य और उनकी देखभाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मामले में विद्यालय के वार्डन उपेंद्र शर्मा की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। आरोप है कि वार्डन ने नौ वर्षीय छात्र जोसेफ किस्कू को उसके बंद घर के बाहर ले जाकर छोड़ दिया। इस घटना ने अनाथ बच्चों की देखभाल और उनके प्रति विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को मीडिया से मिली जानकारी
इस संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विकास राणा ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से विद्यालय के बच्चों में खुजली की समस्या होने की जानकारी मिली है। इस विषय पर टुंडी के चिकित्सा प्रभारी से बातचीत की गई है। डॉ. राणा के अनुसार, चिकित्सा प्रभारी ने विद्यालय के वार्डन को तत्काल मोबाइल फोन के माध्यम से खुजली की दवा लिखवाकर बच्चों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सा विभाग की टीम विद्यालय प्रबंधन के संपर्क में है।