आईटीबीपी के जवान हुए सम्मानित, बलियापुर में हर्ष
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के 65वें स्थापना दिवस पर आईटीबीपी के जवान रमेश कुमार दत्ता को सम्मानित किया गया है। वह बलियापुर के निवासी हैं। जवान को सम्मान मिलने पर बलियापुर के लोगों में हर्ष है। आइटीबीपी में उनके उत्कृष्ट सेवाकार्य, कर्तव्यनिष्ठा तथा छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें विभाग की ओर से महानिदेशक ने प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया है। वे वर्ष 2004 में आइटीबीपी में भर्ती हुए थे। उन्हें अब तक सात नकद एवं छह गुड एंट्री जैसे पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। फिलहाल वे आइटीबीपी के 27 वीं वाहिनी टीएचक्यु पनाबारस में इंटेलिजेंस रिप्रेजेंटेटिव के पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2009 से 2012 तक देश के महान वैज्ञानिक व पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के साथ उन्हें कर्तव्य निर्वहन करने का मौका भी मिला जो उनके लिए एक यादगार पल है।