सरिया में ज्वेलरी दुकानों की रेकी की आशंका, नंबर प्लेट छिपाकर घूम रहे संदिग्धों से रहे अलर्ट 

सरिया में ज्वेलरी दुकानों की रेकी की आशंका, नंबर प्लेट छिपाकर घूम रहे संदिग्धों से रहे अलर्ट 

डीजे न्यूज, सरिया,गिरिडीह : सरिया अनुमंडल में सर्राफा दुकानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध लोगों की गतिविधियों को देखते हुए थाना प्रभारी ने क्षेत्र के ज्वेलरी कारोबारियों और अन्य दुकानदारों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ संदिग्ध लोग सर्राफा दुकानों की रेकी करने की फिराक में हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट को छिपाने के लिए पीछे झोला लटकाया जा रहा है। वहीं, संदिग्ध बाइक सवार दुकान के ठीक सामने वाहन खड़ा करने के बजाय कुछ दूरी पर रुक सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, बरकट्ठा क्षेत्र में भी एक दुकान को निशाना बनाने की कोशिश किए जाने की सूचना है। हालांकि, इस जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस की ओर से व्यापारियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई है।

सीसीटीवी कैमरों से रखें नजर

पुलिस ने दुकानदारों से अपनी दुकानों के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने तथा उनकी दिशा सड़क की ओर रखने की अपील की है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की स्पष्ट रिकॉर्डिंग हो सके। किसी बाइक की नंबर प्लेट झोले या कपड़े से ढकी दिखाई देने अथवा किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगने पर आसपास के दुकानदारों को सतर्क करने के साथ पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।

थाना प्रभारी ने व्यापारियों से आपसी तालमेल बनाए रखने और किसी भी असामान्य गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या डायल 112 पर देने की अपील की है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य संभावित आपराधिक घटनाओं को रोकना और क्षेत्र में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top