जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन प्रतिबद्ध : रामनिवास यादव 

जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन प्रतिबद्ध : रामनिवास यादव 

उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनीं करीब 50 फरियादियों की समस्याएं

डीजे न्यूज, गिरिडीह : आमजनों की समस्याओं को सीधे सुनने तथा उनके शिकायतों के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 50 फरियादियों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी-अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं। जनता दरबार में लोगों ने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक हित से जुड़े विभिन्न मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित मामलों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का नियमानुकूल एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

उपायुक्त ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का अवलोकन करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता के साथ-साथ निर्धारित प्रक्रिया एवं नियमों का पालन भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं एवं सेवाओं का उचित लाभ मिल सके। जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा आमजनों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाते हुए उनके समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि जनसमस्याओं की सुनवाई केवल आवेदन प्राप्त करने तक सीमित न रहे, बल्कि उनके तार्किक एवं नियमानुकूल समाधान तक प्रभावी अनुश्रवण भी सुनिश्चित हो। उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को निर्धारित माध्यमों से प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि संबंधित मामलों की जांच एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top