प्राथमिकी दर्ज करने के खिलाफ शिक्षक समाज उद्वेलित, सड़क पर उतर विरोध करने का निर्णय
डीजे न्यूज, धनबाद: अखिल झारखंड शिक्षक संघ के पदाधिकारियों पर हुई प्राथमिकी से शिक्षक समाज उद्वेलित है। इसके खिलाफ शिक्षक समाज आंदोलन की तैयारी में है। इस मुद्दे को लेकर अजाप्टा के आह्वान पर मंगलवार को गोल्फ ग्राउंड में शिक्षकों की बैठक हुई। बैठक में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों पर दर्ज की गई प्राथमिकी की निंदा की गई। इस दौरान संघ की ओर से भी डीएसई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही डीसी और डीईओ से भेंट कर मामले की निष्पक्ष जांच करने का अनुरोध करने पर सहमती बनी। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि डीएसई बेबुनियाद आरोप न लगा सके। वक्ताओं ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होने तक सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। घटना पर प्रकाश डालते हुए संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार भगत ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर 10 अक्टूबर को डीएसई से संघ की वार्ता हुई थी। 12 अक्टूबर को डीएसई ने संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार भगत और महासचिव सियाराम प्रसाद सिंह सहित अन्य पर धनबाद सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी।
बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने की। मौके पर पुष्प लता, सुनीता, रामलखन कुमार, राजू साव, नीरज मिश्रा, राजेश पाल, जयप्रकाश, मदन प्र महतो, संजय कुमार, राजकुमार वर्मा, दिलीम कर्ण, सुरेश चौधरी, संतोष कुमार हांसदा, प्रभात रंजन, प्रनोद झा,अशोक कुमार, संजय सिन्हा, मनिंद्र कुमार के साथ सैकड़ों की संख्या में शिक्षक शिक्षिकाएँ उपस्थित थे ।