उप राष्ट्रपति शुक्रवार को आएंगे बाबाधाम, चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा
उपायुक्त ने की सुरक्षा, विधि व्यवस्था और तैयारियों की समीक्षा
डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में उप राष्ट्रपति के 10 अक्टूबर को देवघर दौरे को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने उप राष्ट्रपति के आगमन से जुड़े हर बड़े एवं छोटे-छोटे बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की विस्तृत व व्यापक समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों, कार्यपालक अभियंता और पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने देवघर एयरपोर्ट पर आगवानी से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक की विभिन्न प्रशासनिक व बुनियादी तैयारियों का जायजा लिया और चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारियों व पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति, निर्बाध बिजली, पेयजल, चिकित्सीय व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुगम रूट डायवर्जन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को कोई असुविधा न हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहे, इसलिए सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी अपने प्रभार वाले क्षेत्रों का स्वयं भौतिक निरीक्षण कर ससमय सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उप राष्ट्रपति के सुरक्षित आवागमन एवं विभिन्न कार्यक्रम के संचालन को सुनिश्चित करने तथा अनाधिकृत हवाई गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से देवघर अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले विशिष्ट मार्गों और क्षेत्रों को ‘नो ड्रोन फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, सिविल सर्जन, एम्स व एयरपोर्ट के निदेशक, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता, स्थापना उपसमाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात डीएसपी, हेडक्वार्टर डीएसपी, कार्यपालक अभियंता विद्युत, आरसीडी, नेशनल हाईवे, बीसीडी, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, फूड सेफ्टी ऑफिसर व संबंधित अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।