सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल बने ताकत, दुरुपयोग से बचें विद्यार्थी
डीजे न्यूज, देवरी,गिरिडीह : देवरी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिकरुडीह में मंगलवार को विद्यालय स्वास्थ्य संवर्धन कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के सकारात्मक इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को सोशल मीडिया के फायदे, सावधानियों और इसके दुरुपयोग से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक पप्पु कुमार ने कहा कि विज्ञान के दौर में इंटरनेट और सोशल मीडिया ने संचार और जानकारी के क्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। पहले इनका इस्तेमाल जरूरत के कार्यों तक सीमित था, लेकिन वर्तमान में अत्यधिक निर्भरता के कारण इसके दुरुपयोग की घटनाएं भी बढ़ी हैं। सोशल मीडिया का इस्तेमाल अफवाह फैलाने, किसी का शोषण करने और अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जाना चिंता का विषय है। इसका सबसे अधिक प्रभाव युवाओं और विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। ऐसे में इसके जिम्मेदार इस्तेमाल के प्रति जागरूकता जरूरी है।
बाल संसद की प्रधानमंत्री सोनम कुमारी ने कहा कि अफवाह और भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने इंटरनेट और सोशल मीडिया का सकारात्मक एवं जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने का संकल्प लिया।
मौके पर नव्या कुमारी, शगुन कुमारी, अंशु कुमारी, अभिषेक कुमार, सूरज कुमार, शिवम कुमार, अंजली कुमारी, आदित्य कुमार, अजय विश्वकर्मा सहित कई विद्यार्थी तथा शिक्षक विजय शर्मा, शोभरण मंडल, मो. मुस्तकीम, उमेश मंडल, क्रांति हंसदा और सीमा दास मौजूद थे।